परशदेपुर (रायबरेली)। मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण पूर्व हुए सर्वे कार्य में व्यापक स्तर पर लापरवाही बरती गई। इसके चलते ही नगर पंचायत नसीराबाद में मतदाता सूचियों से मृतक व शिफ्टेड वोटरों का नाम तक नहीं हटाए गए। इससे पुनरीक्षण के लिए प्रकाशित सूची में काफी संख्या में मृतकों के नाम भी शामिल दिख रहे हैं।
नगर पंचायत नसीराबाद में पिछलेे बार के चुनाव में कुल वोटरों की संख्या 8576 थी, लेकिन इस बार मतदाता सूची पुुनरीक्षण अभियान में वोटरों की संख्या बढ़कर 9839 हो गई। प्रस्तावित निकाय चुनाव के पुनरीक्षण को जारी अनंतिम मतदाता सूूचियों में सर्वे के दौरान बीएलओ स्तर पर बररती गई लापरवाही खुलकर सामने आई है।
इसके तहत ही नसीराबाद निवासी मो.ताहिर ने नगर पंचायत कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है कि नसीराबाद कस्बा निवासी रीता पत्नी गुरु प्रसाद, करुणाशंकर पुत्र हरि प्रसाद के अलावा मीरा देवी, सरजू देवी, रामसुमेर, सूरजदेई, त्रियुगी नारायण समेत 100 लोगों की काफी समय पहले हो चुकी मौत के बाद भी उनका नाम प्रकाशित सूची में दर्ज है।
इसके साथ ही ताहिर ने शिकायत की कि वार्ड नंबर 14 निवासी कौशल किशोर की शादी अभी नहीं हुई है लेकिन उनकी पत्नी की जगह शिवानी का नाम दर्ज कर दिया गया है। ईओ निखलेश कुमार का कहना है कि इसी तरह की शिकायतों को दर्ज कराने का मौका 7 नवंबर तक दिया गया है। इसके बाद मतदाता सूची में नाम बढ़वाने, संशोधन करवाने व मृतक व शिफ्टेड वोटरों का नाम हटाने का कार्य दुरुस्त कर 18 नवंबर को मतदाता सूचियों का अंतिम तौर पर प्रकाशन किया जाएगा।
बूथों पर नहीं पहुंच रहे बीएलओ
नगर निकाय चुनाव को लेकर अनंतिम मतदाता सूची तो जारी कर दी गई है। लेकिन बूथों पर बीएलओ की मौजूदगी न होने से दावे व आपत्तियां दर्ज कराने में परेशानी हो रही है। इसके चलते न तो आम लोग मतदाता सूची को लेकर आपत्तियां दे पा रहे हैं और न ही मतदाता सूची में नाम बढ़वाने अथवा दुरुस्त कराने के लिए आवेदन ही कर पा रहे हैं। इस संबंध पंचायत एवं नगरीय निकाय के सहायक निर्वाचन अधिकारी राजकुमार शुक्ला का कहना है कि बूथों पर बीएलओ को मौजूद रहने के लिए कहा गया है। यदि बूथों पर बीएलओ न मिले तो शहरी क्षेत्र के लोग नगर पालिका कार्यालय रायबरेली और कस्बों के लोग नगर पंचायत कार्यालयों में जाकर मतदाता सूची से संबंधित आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।