रायबरेली। ट्रेनों में सीटें फुल होने से जिले से दिल्ली, पंजाब, मुंबई जाने वाले यात्रियों के सामने मुश्किलें खड़ी हो गईं हैं। पहले से रिजर्वेशन करा चुके लोगों के सामने भी दिक्कतें हैं, क्योंकि उनकी सीट कंफर्म नहीं हो पा रही है। पंजाब मेल, पद्मावत समेत कई ट्रेनों में 100 से अधिक वेटिंग चल रही है। भीड़ ज्यादा होने के कारण द्वितीय श्रेणी के अनारक्षित टिकट लेकर सफर करना भी मुश्किल साबित हो सकता है।
त्योहार मनाने के लिए अपने-अपने घरों को आए लोग अब छुट्टियां समाप्त होने के बाद लौटने की तैयारी कर रहे हैं। इसीलिए ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ती जा रही है। अगले एक पखवारे तक ज्यादातर ट्रेनों में सीटें फुल हो चुकी हैं।
वेटिंग बहुत अधिक होने से सीट कंफर्म होना भी मुश्किल है। वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस और प्रतापगढ़ से दिल्ली जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस में जगह नहीं है। हावड़ा से अमृतसर जाने वाली पंजाब मेल में भी पहले से ही सीटें फुल है।
मुंबई जाने वाली उद्योग नगरी एक्सप्रेस के साथ ही प्रतापगढ़-भोपाल एक्सप्रेस में भी सीट नहीं मिल रही है। स्टेशन अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि ट्रेनों में यात्रियों की संख्या फिर बढ़ रही है। लंबी दूरी की ज्यादातर ट्रेनों में सीटें फुल हैं। इंटरसिटी समेत कम दूरी वाली ट्रेनों में भी ज्यादा यात्री सफर कर रहे हैं।
छठ के मद्देनजर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
रायबरेली। छठ के मद्देनजर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है। ये गाड़ियां दरभंगा, मालदा टाउन, दिल्ली, आनंद विहार के बीच दौड़ेंगी, जिससे इस जिले के लोगों को भी लाभ मिल सकेगा।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि गाड़ी संख्या-04032 दिल्ली-दरभंगा स्पेशल ट्रेन 31 अक्तूबर को दिल्ली जंक्शन से दोपहर 2.20 बजे चलेगी, जो अगले दिन दोपहर 3.45 बजे दरभंगा पहुंचेगी। यह गाड़ी मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, वाराणसी, पं. दीनदयाल उपाध्याय जं., बक्सर, आरा स्टेशनों पर रुकेगी।
गाड़ी संख्या-04074 दिल्ली-दरभंगा स्पेशल ट्रेन 31 अक्तूबर को दिल्ली जंक्शन से शाम 4 बजे चलेगी, जो अगले दिन शाम 6.30 बजे दरभंगा पहुंचेगी। यह ट्रेन मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, वाराणसी, पं. दीनदयाल उपाध्याय जं., बक्सर, आरा, पटना, बख्तियारपुर, मोकामा, बरौनी, समस्तीपुर स्टेशनों पर ठहरेगी। गाड़ी संख्या-03435 मालदा टाउन-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल ट्रेन 31 अक्तूबर एवं 7 नवंबर को मालदा टाउन से सुबह 9.05 बजे छूटेगी, जो अगले दिन दोपहर 1.45 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।
वापसी दिशा में गाड़ी संख्या-03436 आनंद विहार टर्मिनल-मालदा टाउन स्पेशल ट्रेन 1 एवं 8 नवंबर को आनंद विहार टर्मिनल से शाम 5.10 बजे छूटेगी, जो अगले दिन रात्रि 11.50 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी। यह ट्रेन न्यू फरक्का, बड़हरवा, साहिबगंज, कहलगांव, भागलपुर, सुल्तानगंज, जमालपुर, अभयपुर, किऊल, मोकामा, बख्तियारपुर, पटना, आरा, बक्सर, पं. दीनदयाल उपाध्याय जं., वाराणसी, प्रतापगढ़, अमेठी, रायबरेली, लखनऊ, मुरादाबाद स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी।
प्लेटफार्म पर जाना महंगा, टिकट 50 रुपये
रायबरेली। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर सोच-समझकर जाइयेगा, क्योंकि प्लेटफार्म टिकट और महंगा हो गया है। रेलवे ने प्लेटफार्म टिकट का मूल्य बढ़ाकर 50 रुपये कर दिया है। यह व्यवस्था 6 नवंबर तक लागू रहेगी।
मंडल रेल प्रबंधक सुरेश कुमार सपरा ने बताया कि त्योहारों को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण स्टेशनों पर प्लेटफार्म टिकट की बिक्री का मूल्य 50 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया है, ताकि आवश्यक यात्रियों का ही स्टेशन एवं प्लेटफार्मों पर आगमन हो और अनावश्यक भीड़ को रोका जा सके। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा ने बताया कि यात्री सुविधा के तहत प्लेटफार्म टिकट के मूल्य का पुनर्निर्धारण किया गया है।