खीरों थाना क्षेत्र में सोमवार को एक युवक ने आत्मदाह का प्रयास किया। ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाई। मामले को छिपाने के लिए झुलसे युवक को रायबरेली के किसी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इस पर युवक ने आग लगा ली। खीरों के तादुल्लापुर मजरे कुसुंडी गांव निवासी अशोक कुमार (22) ने सुबह किसी बात को लेकर अपने शरीर पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। घटना के समय उसकी पत्नी घर पर थी, जबकि मां किसी काम से बाहर गई थी। पत्नी के चिल्लाने पर ग्रामीण दौड़े और किसी तरह आग बुझाई। परिवारीजन व ग्रामीण उसे सीएचसी ले जाने के बजाय सीधे रायबरेली लेकर चले गए। उसने आग क्यों लगाई, इस बाबत परिवारीजन कुछ नहीं बता पा रहे हैं। हालांकि ग्रामीण कह रहे कि पत्नी से किसी बात को लेकर हुए विवाद के चलते युवक ने ऐसा कदम उठाया। एसओ आरके शर्मा ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है।