प्रदेश सरकार से सबसे अच्छे परिषदीय स्कूलों को पुरस्कृत करने का निर्णय लिया है। इसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से रिपोर्ट भी मंगवाई गई। लेकिन जिले में एक भी ऐसा स्कूल नहीं मिला है, जो शासन से तय मानकों को पूरा कर सके।
शासन ने 22 बिंदुओं पर मानक तय करके सभी ब्लॉकों से एक-एक स्कूलों का पुरस्कार के लिए चयन करके रिपोर्ट भेजने के आदेश दिए थे। शासन की मंशा पर बीएसए ने सभी बीईओ को निर्देश देकर एक-एक स्कूल का मानक के अनुरूप चयन करके रिपोर्ट देने के आदेश दिए थे।
बीएसए रामसागर पति त्रिपाठी ने बताया कि सभी बीईओ की रिपोर्ट शून्य आई है। शासन के 22 बिंदुओं के मानकों पर जिले का एक भी स्कूल खरा नहीं उतरा है। पहले की बिंदु में सभी फेल हो गए।
पहले बिंदु में स्कूल की छात्र संख्या को 150 से अधिक होना जरूरी है। साथ ही तीन साल में लगातार छात्र संख्या बढ़ी हो। ऐसा कोई स्कूल ही नहीं मिला। शासन को रिपोर्ट भेज दी गई है।