रायबरेली में सोमवार को शहर कोतवाली क्षेत्र के सर्राफा मार्केट में टप्पेबाजी की घटना के बाद सीसी ?
- फोटो : RAIBARAILY
रायबरेली। शहर के सराफा मंडी में सोमवार सुबह टप्पेबाज एक लाख रुपये कीमत के जेवरात लेकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई वारदात की घटना से व्यापारियों में दहशत फैल गई। व्यापारी जब तक कुछ समझ पाते, बदमाश फरार हो गए। सूूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच की। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में एक टप्पेबाज कैद हो गया है। पुलिस फुटेज के जरिए टप्पेबाजों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
सराफा मंडी में महताब आलम और संजय यादव साथ में मिलकर सराफा की दुकान चलाते हैं। सराफा व्यवसायी संजय यादव के मुताबिक सुबह करीब 11 बजे एक युवक दुकान पर आया और जेवरात दिखाने की बात कही। महताब आलम जेवरात दिखाने के लिए दुकान के अंदर गए। इसी बीच टप्पेबाज ने एक लाख रुपये कीमत के सोने के जेवरात ले लिए सड़क पर स्कूटी पर दूसरा युवक उसका इंतजार कर रहा था। जब तक हम लोग कुछ समझ पाते, दोनों टप्पेबाज स्कूटी पर बैठकर फरार हो गए।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से सराफा बाजार में व्यापारी सन्न रह गए। घटना की सूचना पर सदर कोतवाल राघवन कुमार सिंह ने पहुंचकर घटना की जांच की। कोतवाल का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में टप्पेबाज की तस्वीर सामने आई है। फुटेज के जरिए दोनों टप्पेबाजों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।