रायबरेली। उत्तर प्रदेश एथलेटिक संघ की ओर से वाराणसी, सैफई और कौशांबी में 16 से 19 अक्तूबर तक होने वाली यूपी स्टेट जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जिले के खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता के लिए शुक्रवार को मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में ट्रायल हुआ। जिसमें चार अलग-अलग आयु वर्ग के 120 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
डिस्ट्रिक्ट एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव लक्ष्मीकांत शुक्ला ने बताया कि 14, 16, 18 और 20 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के ट्रायल में जिले भर से 120 खिलाड़ी आए। ट्रायल में 51 खिलाड़ियों का चयन हुआ।
अलग-अलग खेलों के ट्रायल की तिथियां तय
रायबरेली। मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में जूनियर बालकों का जिला स्तरीय वॉलीबाल ट्रायल 15 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से होगा। चयनित खिलाड़ी 16 अक्तूबर को लखनऊ में होने वाले मंडलीय ट्रायल में हिस्सा लेंगे।
वहीं मंडलीय ट्रायल में चयनित खिलाड़ी 18 से 21 अक्तूबर तक अयोध्या में होने वाली प्रदेश स्तरीय जूनियर वॉलीबाल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। यह जानकारी जिला क्रीड़ा अधिकारी सवेंद्र सिंह चौहान ने दी।
उन्होंने बताया कि महिला एथलेटिक्स और बैडमिंटन का जिला स्तरीय ट्रायल मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में 17 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से होगा। चयनित खिलाड़ी 18 अक्तूबर को लखनऊ में होने वाले मंडलीय ट्रायल में हिस्सा लेंगे। उधर, जिला खोखो संघ के सचिव लक्ष्मीकांत शुक्ला ने बताया कि महाराष्ट्र में होने वाली राष्ट्रीय खोखो चैंपियनशिप के लिए प्रदेश की टीम का चयन 18 एवं 19 अक्तूबर को गाजियाबाद में होगा।