रायबरेली। जिले के ऊंचाहार रेलवे स्टेशन के निकट क्रॉसिंग का सिग्नल खराब होने से शुक्रवार शाम वंदेभारत समेत दो ट्रेनों को रोकना पड़ा। इससे दोनों ट्रेनें लेट हुईं। हालांकि बाद में इन ट्रेनों को पेपर लाइन क्लियर (पीएलसी) के जरिये चलाया गया। ऊंचाहार स्टेशन के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग के फाटक बंद किए गए, ताकि वंदेभारत और ऊंचाहार एक्सप्रेस को पास कराया जा सके। फाटक बंद होने के बाद भी सिग्नल नहीं दिए जा सके। इससे ट्रेनों को पास नहीं कराया जा सका। ट्रेनों को ऊंचाहार स्टेशन पर रोका गया। प्रयागराज से गोरखपुर जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस करीब 10 मिनट रुकी रही, जिससे यह ट्रेन रायबरेली स्टेशन पर करीब 20 मिनट देरी से पहुंची। ऊंचाहार में वंदेभारत का स्टॉपेज नहीं है। प्रयागराज से चंडीगढ़ जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस करीब 20 मिनट रोकी गई। इस वजह से यह ट्रेन आधे घंटे से ज्यादा लेट हो गई। ऊंचाहार के स्टेशन अधीक्षक विनोद त्रिपाठी ने बताया कि सिग्नल में खराबी की वजह से दोनों ट्रेनें कुछ देर के लिए रोकी गईं। उधर, जिले से होकर गुजरने वाली नई दिल्ली-मालदा टाउन एक्सप्रेस शुक्रवार को निरस्त होने के कारण नहीं आई। इसके अलावा कई ट्रेनें विलंब से पहुंचीं।