रायबरेली। छह साल से अपने भवन का इंतजार कर रहे राजकीय हाईस्कूल रोझइया भीखमशाह को अभी कई साल इंतजार करने पड़ सकते हैं। वजह यह कि विद्यालय के लिए बनवाया गया भवन प्रयोग में आने से पहले ही ध्वस्त कर दिया जाएगा, क्योंकि यह नवीन भवन गंगा एक्सप्रेस-वे की जद में आ गया है।
दूसरा नया भवन बनवाने के लिए लगभग 88 लाख रुपये की जरूरत पड़ेगी। इस बाबत उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण को चिट्ठी भेजी जा चुकी है। धन आवंटन के बाद नई जगह तलाश करके भवन बनवाया जाएगा।
माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत विकास क्षेत्र जगतपुर में राजकीय हाईस्कूल रोझइया भीखमशाह का भवन निर्माण 2016 में शुरू कराया गया था, जिसकी लागत लगभग 69 लाख रुपये थी। यह भवन बनकर तैयार होने वाला था, तभी गंगा एक्सप्रेस-वे पर काम शुरू हो गया। गंगा एक्सप्रेस-वे की नापजोख में राजकीय हाईस्कूल का भवन भी आ गया।
इस संबंध में उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने जिला विद्यालय निरीक्षक से गंगा एक्सप्रेस-वे के रास्ते में आ रहे विद्यालय को दूसरी जगह स्थापित करने के लिए रिपोर्ट मांगी।
इसके बाद लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड-प्रथम से विद्यालय भवन की वर्तमान अनुमानित लागत का विवरण तैयार कराया गया, जिसमें वांछित मूल्यांकन लगभग 88 लाख रुपये किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा ने बताया कि राजकीय हाईस्कूल रोझइया भीखमशाह के भवन निर्माण की लागत लगभग 88 लाख रुपये है।
लोक निर्माण विभाग से मिली मूल्यांकन की रिपोर्ट उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण को भेज दी गई है। धनराशि मिलने और जमीन की तलाश पूरी होने के बाद दूसरा नया भवन बनेगा।