रायबरेली। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण ने विशेष अभियान चलाने का आदेश दिया है। जिले में 14 खाद्य पदार्थों के 170 नमूने जांच के लिए नोएडा की प्रयोगशाला में भेजने के आदेश दिए गए हैं। जांच में नमूने फेल आने पर दुकानदारों पर मुकदमा नहीं होगा।
सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय अजीत कुमार राय ने बताया कि दो जनवरी से 20 जनवरी के बीच चलने वाले अभियान में दूध के 25, घी के 18, पनीर के 14, मावा के 25, चाय/काफी के पांच, नमक के आठ, मसालों के 18, दालों के 18, नमकीन के 10, कत्था के पांच, पान मसाला आदि के नमूने भरे जाएंगे।
इन नमूनों को जांच के लिए नोएडा की प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार इन नमूनों की जांच गुणवत्ता में सुधार कराने के लिए करा रही है। नमूने फेल आने पर दुकानदारों पर मुकदमे नहीं किए जाएंगे।