रायबरेली। आठ साल पहले बनाई गईं सात सड़कों का अब कायाकल्प होगा। डीएम ने 13.88 किलोमीटर लंबी इन सड़कों का काम संबंधित विभागों को जल्द शुरू कराने के आदेश दिए हैं। उन्होंने निर्माण कार्य में मानकों को ध्यान में रखने के निर्देश दिए हैं। किसी भी स्तर पर मानकों में अनदेखी न की जाए।
मंडी परिषद के अधिकारियों के साथ बैठक में डीएम माला श्रीवास्तव ने बताया कि जगतपुर रोड से माखा का पुरवा तक मरम्मत कार्य, पलिया संपर्क मार्ग मरम्मत कार्य, रायबरेली प्रतापगढ़ मार्ग पर गदियानी चौराहा से मतौली का पुरवा तक मरम्मत कार्य, सलोन मार्ग पर बालेपुर से अहिरन का पुरवा तक मरम्मत कार्य, ऊंचाहार डलमऊ मार्ग से चांदपुर तक एवं मुराई का बाग ऊंचाहार रोड से पखरौली तक मरम्मत कार्य, इलाहाबाद रोड से कल्याणपुर बैंती तक मरम्मत कार्य, रायबरेली लालगंज मार्ग से पूरे मछरिया तक मरम्मत कार्य कराया जाएगा। डीएम ने मंडी परिषद के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करके सड़कों से संबंधित दिशा-निर्देश देते हुए समय से काम शुरू कराने के आदेश दिए।