रायबरेली। कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को सड़क परियोजनाओं के संबंध में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में भूमि अधिग्रहण, अधिग्रहित भूमि के संबंध में मुआवजा वितरण की समीक्षा की गई। डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने संबंधित अधिकारियों से परियोजनावार भूमि अधिग्रहण की स्थिति की जानकारी ली। कहा कि भूमि अधिग्रहण के लंबित मामलों को जल्द निस्तारित कराया जाए। पात्र भू-स्वामियों को देय मुआवजा राशि के वितरण की प्रक्रिया भी समय से पूरी की जाए। अंश निर्धारण के संबंध में जिन भू स्वामियों का मुवावजा वितरण नहीं हो पा रहा है, उनका प्राथमिकता से अंश निर्धारण कराकर मुआवजा वितरण कराया जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहदेव मिश्र, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल कुमार यादव आदि मौजूद रहे।