आए दिन बारिश और तेज हवा के कारण फसलों को नुकसान हो रहा है। रविवार रात व सोमवार शाम तेज हवा के साथ हुई बारिश से गेहूं व सरसों की फसल खेतों में ही गिर गई। इससे 15 फीसदी नुकसान हुआ है। एक सप्ताह में तीन बार मौसम खराब होने से किसान खासे परेशान हैं।
रविवार रात और सोमवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवा के साथ हुई बारिश से राही, ऊंचाहार, जगतपुर, बछरावां, हरचंदपुर, सलोन, डीह समेत अन्य ब्लॉक क्षेत्रों में गेहूं व सरसों की फसल जमीन पर गिर गई। यही नहीं जो सरसों की फसल खेत में कटी पड़ी थी, उसके दाना जमीन में गिर गए। करीब 10 से 15 फीसदी से अधिक नुकसान हुआ है।
किसान होरीलाल साहू, हरिकेश सिंह, गुड्डू यादव, रामू का कहना है कि मौसम का यही हाल रहा तो उत्पादन कम हो जाएगा।इस बारिश से गेहूं की फसल को नुकसान ही हो रहा है। हल्की बारिश के साथ तेज हवा चल रही है।
इससे गेहूं की फसल सूख रही है। नलकूप से पानी भी लगा दे तो उसके गिरने का खतरा मंडरा रहा है। रविवार रात और सोमवार शाम हुई बारिश व हवा के कारण सरसों, गेहूं की फसल जमीन में गिर गई।
कृषि वैज्ञानिक डॉ. आरके कनौजिया का कहना है कि बारिश और हवा के कारण फसलों को नुकसान हो रहा है। खासकर गेहूं की फसल अधिक प्रभावित है। मौसम को देखते हुए किसान गेहूं की फसल की सिंचाई न करें। यदि खेत में पानी भर जाए तो उसे बाहर निकाल दें। सीलन अधिक होने पर फसल गिरने का खतरा अधिक रहेगा।