टूटे गेट की मरम्मत करते कर्मचारी।
- फोटो : RAIBARAILY
ऊंचाहार (रायबरेली)। इलेक्ट्रिक इंजन को पास कराने के लिए क्रॉसिंग बंद करते समय एक टेंपो ने रेलवे फाटक में टक्कर मारकर गेट तोड़ दिया। इसके चलते इंजन को आउटर पर रोकना पड़ा।
गेटमैन की सूचना पर पहुंची आरपीएफ ने टेंपो को कब्जे में ले लिया। गेटमैन ने जंजीर लगाकर कॉसन के सहारे इंजन को निकलवाया। इस दौरान हावड़ा से ऋषिकेश जा रही दून एक्सप्रेस को लगभग 15 मिनट तक स्टेशन पर रोकना पड़ा। गेट ठीक होने के बाद यातायात सामान्य हो सका।
बुधवार दोपहर तीन बजे रायबरेली से रेलवे का इलेक्ट्रिक इंजन ऊंचाहार आ रहा था, जबकि हावड़ा से चलकर ऋषिकेश जा रही दून एक्सप्रेस ऊंचाहार स्टेशन पहुंचने वाली थी।
इंजन को पास कराने के लिए एनटीपीसी रोड स्थित क्रॉसिंग संख्या 43 सी को गेटमैन शिवभवन बंद कर रहा था। इस दौरान एक अनियंत्रित टेंपो ने रेलवे फाटक में टक्कर मार दी, जिससे गेट टूट गया। गेटमैन ने सूचना स्टेशन पर दी। इंजन को आउटर व ट्रेन को स्टेशन पर ही रोक दिया गया।
सूचना के बाद आरपीएफ मौके पर पहुंची और टेंपो को कब्जे में ले लिया। गेटमैन ने जंजीर लगाकर क्रॉसिंग बंद की। कॉसन के सहारे पहले इंजन को स्टेशन भेजा गया और बाद में दून एक्सप्रेस को रवाना किया।
इस दौरान ट्रेन लगभग 15 मिनट स्टेशन पर ही रुकी रही। सूचना के बाद रेलवे मैकेनिकों की टीम मौके पर पहुंची और गेट को ठीक किया। इसके बाद रेलवे यातायात सामान्य किया गया।
स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि इलेक्ट्रिक इंजन को पास कराते समय टेंपो ने गेट तोड़ दिया। आरपीएफ ने चालक व टेंपो को कब्जे में लिया है।