बछरावां। कस्बा स्थित रेलवे स्टेशन के निकट लालगंज रोड की क्रॉसिंग का फाटक शुक्रवार को दोपहर में ई रिक्शा की टक्कर से टूट गया। यह हादसा उस समय हुआ, जब क्रॉसिंग से एक मालगाड़ी गुजर रही थी। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुई। मालगाड़ी गुजरने के बाद फाटक टूटे होने का कारण लालगंज मार्ग का यातायात करीब एक घंटे तक प्रभावित रहा। रेलवे सुरक्षा बल मामले की छानबीन कर रही है। क्षतिग्रस्त गेट की मरम्मत करा दी गई है। बछरावां रेलवे स्टेशन के निकट स्थित लालगंज रोड की क्रॉसिंग को बंद किया गया, ताकि मालगाड़ी पास कराई जा सके। फाटक बंद होने के बाद दोनों तरफ वाहन खड़े हो गए। जब रायबरेली की ओर जाने वाली मालगाड़ी क्रॉसिंग से गुजरने लगी तो एक ई रिक्शा अचानक फाटक (बूम) से टकरा गया। टक्कर लगने से ई रिक्शा की रफ्तार थम गई, लेकिन बूम ट्रैक की तरफ गिरा। गनीमत रही कि यह बूम मालगाड़ी की चपेट में नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। आरपीएफ प्रभारी चंद्रभूषण राय का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर भेज दी गई है। ई रिक्शा की तलाश के साथ घटना की छानबीन कराई जा रही है। (संवाद)