ऊंचाहार (रायबरेली)। लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ने खंभे लगाकर आवागमन रोक दिया है। व्यापारियों ने इसका तीखा विरोध किया। एसडीएम ने कोतवाली में व्यापारियों और रेलवे के अधिकारियों के साथ बैठक की। एसडीएम ने काम बंद करने का निर्देश दिया है।
व्यापारियों के विरोध के बावजूद शनिवार की सुबह नगर की रेलवे क्रॉसिंग 44 ए पर रेलवे ने सड़क पर खंभे खड़े कर दिए। इससे मार्ग पर आवागमन बंद हो गया है। लोगों को ओवरब्रिज के ऊपर से होकर निकलना पड़ रहा है।
इसकी जानकारी व्यापारियों को हुई तो दुकानदार व्यापार मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र मौर्य की अगुवाई में मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। बात नहीं बनी तो एसडीएम राजेश मिश्रा के पास पहुंचे। शिकायत के बाद एसडीएम ने रेलवे अधिकारियों को कोतवाली में बुलाया। स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार त्रिपाठी, आरपीएफ इंस्पेक्टर मनोज व व्यापारियों के साथ बातचीत की। व्यापारियों ने खंभे हटवाकर आवागमन शुरू कराए जाने मांग की।
ऐसा नहीं होने पर डीएम से शिकायत की जाएगी। एसडीएम ने रेलवे को 17 नवंबर तक काम बंद करने का निर्देश दिया है। एसडीएम ने जल्द समाधान कराने का भरोसा दिया है। व्यापारी धनराज यादव, पूर्व चेयरमैन प्रमोद गुप्ता, राजू सोनी, हरीशंकर साहू, मो. असलम, शिवकुमार ने बताया कि सोमवार को जिलाधिकारी से मिलकर समस्या के बारे में अवगत कराएंगे और सड़क खुलवाने की मांग करेंगे। एसडीएम ने बताया कि व्यापारियों की मांग पर एक हफ्ते काम रोकने को कहा गया है। समाधान निकलने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।