रायबरेली। मौसम विज्ञान विभाग ने 28 और 29 अक्तूबर को प्रदेश के विभिन्न जिलों में तेज झोंकेदार हवाओं, गर्जन-चमक, वज्रपात और भारी वर्षा की संभावना जताई है। इसे देखते हुए जिले में अलर्ट जारी किया गया है। संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने और एहतियाती उपाय करने के निर्देश दिए गए हैं। तहसील स्तर पर मौसम की निगरानी करने को कहा गया है।एडीएम वित्त एवं राजस्व सहदेव मिश्रा ने बताया कि सभी एसडीएम और तहसीलदार अपने क्षेत्रों में मौसम पर नजर रखेंगे और लोगों को जागरूक करेंगे। पुलिस व अग्निशमन विभाग आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहेंगे। स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकीय टीमें और एंबुलेंस उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। जनहानि, पशुहानि, मकान या फसल क्षति की सूचना पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाएगा। सभी विभाग समन्वय बनाकर संसाधनों और राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे।