शिवगढ़ (रायबरेली)। उद्यान विभाग की ओर से शिवगढ़ में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया जाएगा। इसके लिए एक हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है। यहां सभी प्रकार की प्रजाति के टमाटर, मिर्च, बैंगन, शिमला मिर्च, करेला, कद्दू, लौकी, तरोई, गोभी, पात गोभी, गांठ गोभी, ब्रोकली आदि सब्जियों की रोग रोधी पौध तैयार करके किसानों को दिए जाएंगे।
रविवार को बस स्टेशन परिसर में राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह सेंटर के साथ ही हॉट बाजार का शिलान्यास करेंगे। इस प्रोजेक्ट पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च होंगे।
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की तैयारियों को देखने के लिए शुक्रवार को डिप्टी डायरेक्टर, उद्यान वीरेंद्र यादव व जिला उद्यान अधिकारी केशवराम चौधरी शिवगढ़ पहुंचे।
उन्होंने बताया कि रविवार को एक बजे गूढ़ा गांव में 90 लाख रुपये की लागत से बनने वाले हॉट बाजार का शिलान्यास होगा। पंचायत भवन व कंपोजिट विद्यालय गूढ़ा का भी उद्घाटन होगा।
दो बजे शिवगढ़ कस्बा स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिवगढ़ में उद्यान विभाग की पर्याप्त भूमि उपलब्ध हैं। इसमें एक हेक्टेयर भूमि पर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित कराया जाएगा। शिलान्यास के बाद काम शुरू कराया जाएगा।