रायबरेली। डलमऊ ब्लॉक की ग्राम पंचायत मीरमीरानपुर में एडीओ पंचायत और वीडीओ ने मरम्मत योग्य हैंडपंप को रीबोर कर दिया। यही नहीं प्लेटफार्म भी समतल जमीन से नीचे बना दिया। मामले की जांच रिपोर्ट आने के बाद डीएम माला श्रीवास्तव ने एडीओ और वीडीओ पर विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
डलमऊ ब्लॉक के मीरमीरानपुर निवासी मनीष सिंह ने डीएम से शिकायतीपत्र देकर हैंडपंपों की रीबोरिंग में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया था। डीएम के आदेश पर जांच कराई गई तो मरम्मत योग्य हैंडपंप को रीबोर करा दिया गया। साथ हत्नी प्लेटफार्म समतल जमीन से नीचे बना दिया गया है, जिससे पानी भरा रहता है।
जांच रिपोर्ट आने के बाद डीएम ने भ्रामक व गलत आख्या देने और मामले में लापरवाही करने पर एडीओ कैलाश नाथ पटेल व ग्राम विकास अधिकारी सुनील भास्कर पर विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए हैं। डीएम ने बताया कि मरम्मत योग्य हैंडपंप को रिबोर कराया गया है। एडीओ व सचिव पर विभागीय कार्रवाई करने को कहा गया है।