रायबरेली। सलोन के बटोही वाटिका के संचालक समेत पांच लोगों को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। पिछले सप्ताह डीएम ने संपूर्ण समाधान दिवस में शामिल होने के बाद निरीक्षण में यहां खामियां पकड़ी थीं। इसके अलावा गुजरात में निर्मित राग गोल्ड रिफाइंड के निर्माता से भी जवाब मांंगा है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी इंद्र बहादुर यादव ने बताया कि चार फरवरी को डीएम ने संपूर्ण समाधान दिवस के बाद रघ्घुपुर सलोन स्थित बटोही वाटिका का निरीक्षण किया था। यहां कई खामियां मिली थीं। डीएम के निर्देश पर बटोही वाटिका के संचालक प्रमोद कुमार गुप्ता को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। सलोन के ही पैगंबरपुर स्थित शारदा सेल्स एंड जनरल स्टोर के संचालक अनिल कुमार से भी खामियां मिलने पर जवाब मांगा गया है।
उन्होंने बताया कि एफएसओ अपराजिता तिवारी ने 26 नवंबर 2011 को राग गोल्ड रिफाइंड पामोलीन ऑयल का नमूना भरा था। नमूना जांच में फेल आ गया। मामले में निर्माता अदाणी विलमर लिमिटेड नवरंगपुरा, अहमदाबाद गुजरात, फर्म मोर रिटेलर प्राइवेट लिमिटेड कचहरी रोड रायबरेली और विक्रेता व हाथरस के शंकरपुर निवासी वीरेंद्र कुमार को नोटिस दिया है। जवाब आने के बाद जुर्माने के लिए एडीएम प्रशासन के न्यायालय में मुकदमा किया जाएगा।