रायबरेली। माध्यमिक विद्यालयों की 66वीं प्रदेशीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में बुधवार को रायबरेली के दो खिलाड़ियों ने मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। इसमें निहारिका ने स्वर्ण पदक और अंशुमान ने रजत पदक जीता है। इससे जिले में खुशी की लहर है।
गोरखपुर में 11 से 15 दिसंबर तक राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। इसमें जिले के 28 खिलाड़ी लखनऊ मंडल का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। माध्यमिक क्रीड़ा सचिव अजय सिंह चंदेल ने बताया कि अंडर-14 में वीणा पाणी इंटर कॉलेज की छात्रा निहारिका यादव ने गोला फेंक में स्वर्ण पदक और बैसवारा इंटर कॉलेज के छात्र अंशुमान सिंह ने 80 मीटर बाधा दौड़ में रजत पदक जीता है।
उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जिले के खिलाड़ी 10 दिसंबर को रवाना हुए थे, जिनमें प्रमुख रूप से जान्हवी सिंह, निहारिका यादव, अनीता, रूबी, चांदनी, गीतिका कुशवाहा, प्रदीप कुमार, आदित्य सिंह, ऋषभ सिंह, अभिषेक, अंशुमान सिंह, सूरज कुमार, रामेंद्र यादव, अंशुमान तिवारी, सुशील सिंह आदि शामिल हैं। साथ में टीम मैनेजर और कोच के रूप में 12 शिक्षक भी गए हैं।