खीरों (रायबरेली)। विकास क्षेत्र के देवगांव में रविवार को वॉलीबॉल प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें शामिल कई टीमों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सबसे रोमांचक मैच बरौंडी और कहिंजर की टीमों के मध्य खेला गया। दोनों के बीच कांटे की टक्कर रही। अंत में बरौंडी की टीम ने कहिंजर को 17-21, 21-17 एवं 27-25 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता में चंडीगढ़, एएमसी लखनऊ, राणा क्लब रायबरेली, आदर्श क्लब कहिंजर, मिश्रखेड़ा, बरिगांव, सिंघोर, देवगांव, जगतपुर भिचकौरा, केतनापुर, डोकरई, पूरे विजयी, करकसा, मानपुर, सेमरी चौराहा समेत 18 टीमों ने भाग लिया। शुरुआती मैचों में कहिंजर ने मिश्रखेड़ा को 15-6, 15-11 से, बरौंडी ने बरिगांव को 15-7, 15-9 से, चंडीगढ़ ने बरिगांव को 15-10, 15-5 से, राणा क्लब रायबरेली ने सेमरी चौराहा को 15-9, 15-7 से, एएमसी लखनऊ ने मानपुर को 15-10, 15-9 से, देवगांव ने कहिंजर को 15-10, 16-14 से पराजित किया।
क्वार्टर फाइनल मैच में एएमसी लखनऊ ने देवगांव को और बरौंडी ने कहिंजर को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व विधायक राकेश सिंह ने किया। इस मौके पर दुर्गेश सिंह, लाल बहादुर सिंह, मुकेश सिंह राठौर, राम बहादुर सिंह, भोलेंद्र सिंह, राम नारायण श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।