खीरो (रायबरेली)। सीडीपीओ कार्यालय से दाल, दलिया और तेल को आंगनबाड़ी केंद्रों पर पहुंचाने के बदले 27 महीने से समूह की महिलाओं को भुगतान नहीं किया गया। इससे महिलाओं का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। महिलाओं ने ब्लॉक दिवस पर खंड विकास अधिकारी कार्यालय का घेराव किया और धरना देकर नारेबाजी करते हुए भुगतान कराए जाने की मांग की।
खीरों ब्लॉक क्षेत्र में 60 ग्राम पंचायतें हैं। समूह की महिलाएं सीडीपीओ कार्यालय से अनाज की उठान कर आंगनबाड़ी केंद्रों पर पहुंचाती हैं। 27 महीने की उठान का करीब छह लाख रुपया बकाया है। कई बार शिकायत के बावजूद भुगतान न होने पर पुष्पा सिंह, अलका, शीला देवी, सिया दुलारी, रीतू शर्मा, राधा, शांति देवी, राखी, दुर्गा देवी, गीता, माया आदि ब्लॉक मुख्यालय पहुंचीं। वहां धरना देकर प्रदर्शन किया। एडीओ पंचायत कमलेश श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा और भुगतान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।