रायबरेली। बिजली का बकाया न जमा करने पर नोटिस मिलने के बाद क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान के लेखाकार रविशंकर बाजपेयी ने डीएम से गुहार लगाई है।
रवि ने बताया कि उसका बिजली का 55 हजार रुपये बकाया है, लेकिन संस्थान के आचार्य ने 15.54 लाख रुपये का बिजली बिल जमा करने का नोटिस भेज दिया।
आरोप लगाया है कि पूर्व में बकाया 55 हजार रुपये वेतन से कटौती किए जाने का अनुरोध किया था, लेकिन अनुरोध को खारिज करके दबाव बनाया जा रहा है।
लेखाकार ने बताया कि 2017 तक लगातार बिजली का बिल जमा किया और उसकी रसीद भी है, लेकिन उस पर जबरन बिल जमा कराने का दबाव बनाया जा रहा है।
मालूम हो कि पिछले सप्ताह संस्थान के आचार्य ने लेखाकार पर 2008 से अब तक 15.54 लाख रुपये बिजली का बिल न जमा करने का आरोप लगाते हुए तत्काल धनराशि जमा करने का पत्र जारी कर दिया था।
आचार्य सुनील कुमार का कहना है कि लेखाकार को बिजली बिल जमा करने के लिए कहा गया है। यदि उन्होंने पूर्व में बिल जमा किया है तो वह रसीद उपलब्ध कराएं।