बालक की हत्या के बाद गमगीन परिजन।
रायबरेली जिले में भदोखर के गोसुवापुर गांव में रविवार रात घर में बहन के साथ सो रहेे छात्र की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पहले कुल्हाड़ी से उसका गला काटा गया और फिर हंसिया से चेहरे व गले पर 15 से ज्यादा वार किए गए। सूचना पर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी व अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शक के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया है। सीओ वंदना सिंह ने प्रेम-प्रसंग में छात्र की हत्या करने का शक जताया है।
गोसुवापुर गांव के इंद्रपाल ईंट-भट्ठेे पर मजदूरी करता है। घर पर उसकी पत्नी राजेश्वरी, बेटा प्रांशू (12) व बेटी उमा (16) रहती हैं। प्रांशू गांव में जूनियर हाईस्कूल में कक्षा सात का छात्र था। रविवार को राजेश्वरी बच्चों के साथ अपने मायके ऊंचाहार चली गई थी। देर शाम प्रांशू व उमा अपने चाचा के साथ घर लौट आए जबकि राजेश्वरी मायके में ही रुक गई।
रविवार रात भाई-बहन कच्ची कोठरी में सो रहे थे। इसी दौरान कोई कोठरी के अंदर गया और प्रांशू की नृशंस हत्या कर दी। जानकारी होने पर बहन ने शोरगुल मचाया तो आसपास के लोगों को वारदात की जानकारी हो सकी। लोग पहुंचे तो बालक का गला कटा पड़ा था। उसके चेहरे पर हंसिये से 15 से ज्यादा वार किए गए थे। इससे चेहरा पूरी तरह से क्षत-विक्षत हो गया था। खबर पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सीओ वंदना सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। इसी कुल्हाड़ी से गला काटकर बालक की हत्या की गई है।
मुझे बेहोश कर दिया गया था
प्रांशू की बहन का कहना है कि उसकेे भाई की हत्या कर दी गई। हत्या से पहले उसे बेहोश कर दिया गया था। इसलिए वह कुछ समझ नहीं पाई कि भाई की हत्या किसने की। छात्र की हत्या से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। मां बेटे को याद कर रो-रोकर बेहोश हो जाती है। कहती है कि यह सब कैसे हो गया।
छात्र की हत्या का मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है। अब तक की जांच में इस बात की जानकारी हुई है कि मृतक के घर पर कोई उसकी बहन से मिलने आया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर हुए विवाद में बालक की हत्या कर दी गई। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द वारदात का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
- आलोक प्रियदर्शी, पुलिस अधीक्षक