ऊंचाहार। अरखा कोल्ड स्टोरेज के पास मंगलवार की शाम ई रिक्शा से टकराकर युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ई रिक्शा लेकर भाग निकला। फतेहपुर जिले के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के इजौरा बुजुर्ग गांव निवासी पप्पू (35) पुत्र अब्दुल सलाल आम के बाग के बाग की रखवाली करते हैं। वह ऊंचाहार क्षेत्र के मनऊ का इंदारा मजरे अरखा में किराये के कमरे में रहते हैं। उनकी पत्नी अफसाना अपने मायके अल्लीपुर में रहती है। शाम पांच बजे बाइक से वह ऊंचाहार की ओर आ रहे थे। कोल्ड स्टोरेज के पास आगे जा रहे ई रिक्शा से बाइक टकराने से वह सड़क पर गिर पड़े। वह हेलमेट नहीं पहने थे। इससे उनके सिर में गंभीर चोटें आई और उनकी मौत हो गई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अतुल पांडेय ने बताया कि उनकी अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो चुकी थी। सीओ डलमऊ गिरजाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले में एफआईआर दर्ज होगी।