रायबरेली। साथी दवा प्रतिनिधि की पिटाई से नाराज दवा प्रतिनिधियों ने मंगलवार को मिल एरिया थाना गेट पर हंगामा कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जौनपुर के मिसरौली निवासी अनुज द्विवेदी शहर में किराये के कमरे में रहते हैं और दवा प्रतिनिधि हैं। आरोप है कि रुपये के लेनदेन को लेकर सोमवार को रतापुर स्थित एकता विहार मंडी समिति के दुकानदार ने उनकी पिटाई कर दी। मामले की शिकायत थाने में की गई थी, लेकिन कार्रवाई न होने से दवा प्रतिनिधि नाराज थे। थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया। बाद में दोनों पक्षों में सुलह हो गई। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था।