बछरावां (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर शाम टहलने निकला डी-फॉर्मा का छात्र अचानक लापता हो गया। देर रात छात्र के पिता के मोबाइल पर फोन करके दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। धमकी दी गई कि रंगदारी न दी तो बेटे से हाथ धो बैठोगे। छात्र के मोबाइल नंबर से पिता को अपहरणकर्ताओं ने फोन किया। पुलिस सर्विलांस की मदद से बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
बछरावां के कूटी मोहल्ला निवासी रामफेर लखनऊ जिले के अलीगंज इलाके में जलनिगम विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। उनका बड़ा बेटा विवेक कुमार (20) लखनऊ जिले के बिंदौवा मोहनलालगंज स्थित तिरुपति कॉलेज में डी-फार्मा प्रथम वर्ष का छात्र है।
शनिवार देर शाम विवेक अपने छोटे भाई वरुण, चचेरे भाई अरविंद और कस्बा निवासी दोस्त चित्रांश अवस्थी के साथ बांदा-बहराइच राजमार्ग स्थित ओवरब्रिज के पास टहलने गया था। भाई वरुण के मुताबिक कुछ देर बाद विवेक ने हम लोगों से कहा कि आप लोग चलिए। हम थोड़ी देर में आ रहे हैं। इसके बाद सभी लोग वापस घर आ गए। रात आठ बजे तक विवेक के वापस घर न आने पर परिजनों ने फोन किया तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ बताने लगा।
पिता रामफेर ने बताया कि रात 11 बजे मेरे मोबाइल पर विवेक का फोन आया और कहा पापा मुझे बचा लो और इसके बाद फोन कट गया। सभी घबरा गए। पांच मिनट बाद फिर विवेक के मोबाइल से ही किसी ने मेरे मोबाइल पर फोन किया और कहा कि अगर विवेक को बचाना चाहते हो तो दो लाख रुपये तैयार रखना।
इतना कहने के बाद उसने फोन काट दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। पिता रामफेर, मां राजकुमारी, छोटे भाई वरुण, वैभव, बहन अंकिता के आंसू नहीं थम रहे हैं। कोतवाल जगदीश यादव ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कराई जा रही है।
जल्द छात्र को बरामद कर रंगदारी मांगने वालों को पकड़ा जाएगा। उधर, एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि सर्विलांस के जरिए छात्र की खोजबीन कराई जा रही है। रंगदारी मांगने वालों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है। जल्द छात्र को छुड़ाकर रंगदारी मांगने वालों को गिरफ्तार किया जाएगा।