रायबरेली। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। जिला सेवायोजन अधिकारी डॉ. दिनकर कुमार ने बताया कि 3 नवंबर को फीरोज गांधी पॉलीटेक्निक रतापुर में वृह्द रोजगार मेला लगेगा, जबकि 4 नवंबर को कर्मयोगी डिग्री कॉलेज मुलिहामऊ और 5 नवंबर को बैसवारा डिग्री कॉलेज लालगंज में विधानसभा क्षेत्रवार रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे। मेलों में रायबरेली सहित देश एवं प्रदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों और नियोजकों की ओर से तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों पर पांच हजार से अधिक अभ्यर्थियों का साक्षात्कार के माध्यम से चयन किए जाने का लक्ष्य है। मेले में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के पात्र पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं।