एमएलसी चुनाव में किसे जीत मिलेगी और किसे हार, यह रविवार को तय हो जाएगा। जिले में कड़ी सुरक्षा के बीच आईटीआई प्रशिक्षण संस्थान गोरा बाजार में सुबह 8 बजे से मतगणना कराई जाएगी। इसके लिए शनिवार को मतगणना स्थल पर बैरीकेडिंग करा दी गई है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। डीएम ने मतगणना स्थल का जायजा लेकर तैयारियों की समीक्षा भी की। उन्होंने बताया कि मतगणना कर्मियों को सख्त हिदायत दी गई है कि किसी तरह की मतगणना में लापरवाही न की जाए।
एमएलसी चुनाव में ताल ठोंकने वाले कांग्रेस प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह, भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र बहादुर सिंह और प्रत्याशी मुकेश सिंह के भाग्य का पिटारा रविवार को खुल जाएगा। आईटीआई प्रशिक्षण संस्थान गोरा बाजार में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी।
मतगणना स्थल पर बैरीकेडिंग करा कई थानों की फोर्स के अलावा पीएसी तैनात की गई है। डीएम सूर्यपाल गंगवार ने बताया कि मतगणना निष्पक्ष-निर्भीक एवं पारदर्शी कराने के लिए प्रशासन की सभी व्यवस्था एवं तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मतगणना से संबंधित सभी कर्मियों की प्रशिक्षण व्यापक रूप से दिया जा चुका है। एमएलसी चुनाव का परिणाम दो घंटे में आ जाएगा। उपजिल निर्वाचन अधिकारी शीतला प्रसाद ने बताया कि सुबह आठ बजे से मतगणना कराई जाएगी।
दो घंटे बाद चुनाव का फैसला आ जाएगा। मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।