रायबरेली। भदोखर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह किराना दुकानदार का शव खनुवा ग्राम पंचायत में तालाब के किनारे पेड़ से लटका मिला। ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं। घरवालों का आरोप है कि युवक का एक साथी दो दिन से लापता है। उसके घरवाले खोजबीन का दबाव बना रहे थे। जान से मारने और मुकदमा तक दर्ज कराने की धमकी दे रहे थे। दुकानदार के दाहिने पैर की अंगुलियों में चोट के निशान थे।
पूरे निकासी मजरे बेलाभेला गांव निवासी रामकेश (21) गांव में ही किराने की दुकान चलाता था। रविवार सुबह नित्यक्रिया के लिए ग्रामीण तालाब की तरफ गए तो पेड़ से मफलर के सहारे उसका शव फंदे से लटका मिला। बड़े भाई हरिकेश व चंदकेश ने बताया कि रामकेश शनिवार को गांव के ही अपने साथी के साथ निकला था। शाम को रामकेश तो घर आ गया, लेकिन उसका साथी लौटकर नहीं आया।
आरोप है कि उसे धमकी दी गई कि साथी की खोजबीन करवाओ नहीं तो जान से मार देंगे। इससे वह काफी परेशान था। देर शाम रामकेश भी लापता हो गया। उसके बाद घर लौटकर नहीं आया। थानाध्यक्ष यशकांत सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह सामने आएगी।
दो घंटे विलंब से पहुंची पुलिस
सूचना के बावजूद पुलिस दो घंटे विलंब से पहुंची। इससे लोगों में नाराजगी रही। ग्रामीणों ने बताया कि सूचना सुबह आठ बजे दी गई, लेकिन पुलिस नहीं आई। इसके बाद खनुवा गांव के प्रधान प्रतिनिधि रामफेर ने सूचना दी। करीब 10 बजे पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक शव फंदे से लटका रहा।