बछरावां (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के राघवपुर गांव में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। उसके पास एक डायरी भी मिली है। डायरी में उसने खुद को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है। डायरी में लिखा था कि मैं जिंदगी से निराश हो चुका हूं, इसलिए आत्महत्या कर रहा हूं। ...सॉरी पापा मैं जीना नहीं चाहता।
गांव निवासी राजेंद्र कुमार (25) दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था। दिवाली पर वह छुट्टी लेकर गांव आया था। पिता छेदालाल ने बताया कि गुरुवार रात घर में सभी लोग खाना खाकर सो गए। रात करीब तीन बजे राजेंद्र घर से निकल कर कहीं बाहर चला गया। घर के लोगों ने सोचा लघुशंका के लिए गया होगा।
सुबह खेतों में काम करने जा रहे ग्रामीणों ने राजेंद्र का शव पेड़ से लटके देखा। ग्रामीणों ने घटना की सूचना घरवालों को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा। तलाशी के दौरान जेब से डायरी बरामद हुई। इसमें उसने खुद को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया।
कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि डायरी में लिखा था-सॉरी पापा... सॉरी बहन मैं जीना नहीं चाहता हूं। मेरी मौत के बाद किसी को परेशान न किया जाए। कोतवाल के मुताबिक युवक अविवाहित था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक ने ऐसा क्यों किया।