शिवगढ़ (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में गुरुवार रात घर लौट रहे एक किसान को गोली मार दी गई। गोली उसकी कमर में दाहिने तरफ लगी, जिससे वह घायल हो गया।
सीएचसी के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुरानी रंजिश में घटना को अंजाम दिए जाने की बात सामने आ रही है। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने तीन हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
शिवगढ़ के गढ़ी मजरे देहली गांव निवासी तेजराम (28) गुरुवार रात करीब सात बजे चितवनियां गांव से साइकिल पर सवार होकर गांव जा रहा था।
गांव के पहले घात लगाए बैठे तीन हमलावरों ने तेजराम पर हमला बोलकर पहले उसके साथ मारपीट की। विरोध पर तमंचे से उसे गोली मार दी, जिससे तेजराम घायल हो गया।
घायल किसान की पत्नी सरोज कुमारी का आरोप है कि गांव के ही रामप्रकाश, उसके साले श्रवण कुमार व दामाद राकेश कुमार ने मारपीट करते हुए पति पर जान से मारने की नियत से फायरिंग की है।
पुरानी रंजिश में उनके पति को गोली मारी गई है। थानेदार राकेशचंद्र आनंद का कहना है कि घायल की पत्नी की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।