अंबेडकरनगर। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में हुए पांच सड़क हादसों में पीड़ितों की तहरीर पर संबंधित थानों में मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। अकबरपुर के मीरानपुर निवासी गिरजेश प्रताप सिंह ने बताया कि 12 नवंबर की रात साढ़े आठ बजे अयोध्या मार्ग पर बनगांव मोड़ के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी थी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं थी। टड़वा मौलाई निवासी ओमप्रकाश श्रीवास्तव के अनुसार, 15 नवंबर को उनके भाई सुनील को बरियावन बाजार में स्कूटी सवार शमीम ने टक्कर मार दी। सुनील का लखनऊ में इलाज चल रहा है। अहिरौली के प्रतापपुर चमुर्खा निवासी गोमती प्रसाद ने बताया कि 16 नवंबर की रात पिकअप ने उनकी खड़ी कार में टक्कर मार दी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। अकबरपुर के कबीरपुर निवासी मोहम्मद अकील ने बताया कि 17 नवंबर को सुड़ारी गांव के पास कार ने गलत दिशा से आकर उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। उनका हाथ-पैर टूट गया और उनकी साली मुस्कान कोमा में चली गईं थी। टांडा के कश्मीरिया सकरावल निवासी झब्बर प्रजापति ने बताया कि 16 नवंबर को उनकी तीन बेटियों को पीछे से कार ने टक्कर मार दी थी। रागिनी की हालत गंभीर होने पर लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। सभी मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।