लालगंज। कस्बे के निराला नगर मोहल्ले में महिला के बैग से दो अज्ञात महिलाओं द्वारा 50 हजार रुपये चोरी करने का मामला सामने आया है। यह घटना 14 अक्टूबर को हुई थी, लेकिन करीब एक माह बाद पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया है। शुक्रवार को पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। निराला नगर निवासी शशि किरन ने पुलिस को बताया कि 14 अक्टूबर को उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा से 50 हजार रुपये निकाले थे। इसके बाद वह रुपये जमा करने के लिए साकेत नगर स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा पहुंचीं। बैंक में प्रवेश करते समय दो अज्ञात महिलाओं ने अपना बैग उनके बैग में फंसा दिया। इसी दौरान, इन महिलाओं ने उनका बैग काटकर रुपये निकाल लिए। बैंक में भीड़ अधिक होने के कारण शशि किरन को तत्काल घटना की जानकारी नहीं हो पाई। घर पहुंचने पर उन्होंने बैग से रुपये गायब पाए। पीड़िता का कहना है कि बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में इन उचक्कों की गतिविधियां कैद हुई हैं। क्षेत्राधिकारी (सीओ) सुजीत राय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।