रायबरेली। माध्यमिक शिक्षा परिषद की प्रयोगात्मक परीक्षा 21 से 28 जनवरी तक होगी, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले के 220 विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में प्रयोगात्मक परीक्षा कराई जाएगी। इस दौरान भ्रमण करने के लिए विभिन्न विभागों के 27 अधिकारियों को बतौर सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से सभी विद्यालयों को परीक्षकों की सूची एवं नामावली उपलब्ध कराई जा चुकी है। समय से प्रयोगात्मक परीक्षा कराने को कहा गया है, ताकि कोई परीक्षार्थी प्रैक्टिकल देने से वंचित न रहने पाए।
माध्यमिक विद्यालयों की संख्या 340 है, जिनमें 220 विद्यालयों में ही इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राएं प्रैक्टिकल वाले विषय लिए हुए हैं। इन्हीं 220 विद्यालयों में लगभग 20 हजार परीक्षार्थी प्रयोगात्मक परीक्षा देंगे। सभी विद्यालयों में यूपी बोर्ड से परीक्षकों की नियुक्तियां हो चुकी हैं, जिसकी सूचना विद्यालयों को उपलब्ध कराई जा चुकी है।
सभी विद्यालयों को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में प्रयोगात्मक परीक्षा कराने को कहा गया है। प्रयोगात्मक परीक्षा के दौरान विद्यालयों में 27 सेक्टर मजिस्ट्रेट भ्रमण करेंगे। हर सेक्टर मजिस्ट्रेट को उनके क्षेत्र में आने वाले विद्यालय आवंटित किए गए हैं। जिला स्तरीय कंट्रोल रूम से भी आनलाइन निगरानी की जाएगी।
....
कंट्रोल रूम से जुड़े गए 50 विद्यालय
शहर के राजकीय बालिका इंटर कालेज में कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है। विद्यालयों के सीसीटीवी कैमरों को कंट्रोल रूम से जोड़ा जा रहा है। अब तक 50 विद्यालय कनेक्ट हो चुके हैं। बाकी विद्यालयों को भी जल्दी जोड़ लिया जाएगा। इस कंट्रोल रूम में तीन शिफ्टों में 24 घंटे कर्मचारियों की तैनाती होगी, ताकि प्रयोगात्मक परीक्षा के साथ ही बोर्ड परीक्षा के दौरान की हर गतिविधि को 24 घंटे आनलाइन देखा जा सके।
यूपी बोर्ड की 21 से 28 जनवरी तक होने वाली प्रयोगात्मक परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कराई जा चुकी है। सतत अनुश्रवण के लिए अधिकारी तैनात हो गए हैं। परीक्षकों की सूची विद्यालयों को उपलब्ध कराई जा चुकी है। कंट्रोल रूम तैयार हो रहा है।
-ओमकार राणा, डीआईओएस।