रायबरेली। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा 13 नवंबर को होगी, जिसके लिए शहर में सात परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस परीक्षा में तीन हजार से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा की तैयारियां पूरी कराई जा रही हैं।
राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, वैदिक इंटर कॉलेज, वैदिक कन्या इंटर कॉलेज, महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, आचार्य द्विवेदी इंटर कॉलेज, संत कंवर राम इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
परीक्षा नियामक प्राधिकारी उत्तर प्रदेश की ओर से जिला विद्यालय निरीक्षक को परीक्षा के संबंध में दिशानिर्देश भेजे गए हैं। परीक्षा 13 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगा।
परीक्षा में कक्षा आठ स्तर के तीन हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक ओंमकार राणा ने बताया कि राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए सात परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्र बनाए गए विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि छात्र-छात्राओं को किसी तरह की असुविधा न होने पाए।