दुकान पर हुई तोड़फोड़ की घटना की जांच करती पुलिस।
- फोटो : दुकान पर हुई तोड़फोड़ की घटना की जांच करती पुलिस।
अमावां। अमावां स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर तीन लोगों की पिटाई से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार शाम पथराव कर दिया। साथ ही दुकान में तोड़फोड़ भी की। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अमावां गांव निवासी रामकृपाल, रंजीत और प्रकाश शराब लेने ठेके पर पहुंचे थे। वहां, कैंटीन चलाने वाले रामराज यादव से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। कैंटीन संचालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर तीनों युवकों को पीट दिया। इससे वे घायल हो गए। इसकी जानकारी होने पर आक्रोशित ग्रामीण ठेके पर पहुंच गए। जमकर ईंट-पत्थर चलाए। सेल्समैन भूपेंद्र सिंह ने बताया कि शराब देने में देरी पर युवकों ने गाली-गलौज और मारपीट की थी। थोड़ी देर बाद सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, बच्चे और पुरुष लाठी-डंडों के साथ दुकान पर पहुंचे और जमकर तोड़फोड़ की, जिससे करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ। थाना प्रभारी विंध्य विनय ने बताया कि कैंटीन संचालक रामराज यादव के खिलाफ तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।