रायबरेली। प्रधान पद की तीन और क्षेत्र पंचायत सदस्य के एक रिक्त सीट को भरने के लिए गुरुवार को कड़ी सुरक्षा में मतदान कराया गया। शाम तक सभी चारों सीटों के लिए 72.33 फीसदी मतदान हुआ।
बछरावां में 80 प्रतिशत, रोहनियां में 75.25 प्रतिशत, ऊंचाहार में 72.47 प्रतिशत व सलोन में 61.60 फीसदी वोटरों ने बूथों पर पहुंचकर मतदान किया। सभी सीटों के लिए पांच अगस्त को ब्लॉक मुख्यालयों पर मतगणना कराई जाएगी।
ऊंचाहार प्रतिनिधि के अनुसार, ईश्वरदासपुर में प्रधान पद के लिए सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। 1878 वोटरों में 1361 वोटरों ने मताधिकार का प्रयोग किया।
एसडीएम आशीष मिश्रा ने बताया कि उपचुनाव 72.47 प्रतिशत मतदान हुआ है। सीओ अशोक सिंह व कोतवाल शिवशंकर सिंह चुनाव पर नजर रखे थे। अंजू को दूसरी बार मतदान का मौका मिला। 80 वर्षीय मीना कुमारी अपने पोते अनुभव शुक्ला के साथ मतदान करने पहुंची।
बछरावां प्रतिनिधि के अनुसार, जलालपुर में प्रधान पद के लिए एसडीएम सालिकराम व सीओ रामकिशोर सिंह की देखरेख में मतदान हुआ। प्राथमिक विद्यालय जलालपुर में 1237 मतों के लिए दो बूथ बनाए गए।
बूथ नंबर एक पर 551 मतों में से 467 मत पड़े व बूथ नंबर दो में 686 मतों में से 524 मत पड़े। करीब 80 प्रतिशत मतदान हुआ।
रोहनियां प्रतिनिधि के अनुसार, पयागपुर नंदौरा में प्रधान पद के लिए हुए मतदान में 2020 मतों में 1520 मत पड़े। रिटर्निंग आफीसर अभयराज गुप्ता ने बताया कि 75.25 प्रतिशत मतदान हुआ है। ब्लाक के स्ट्रांगरूम में बैलेट बाक्स रखवाए गए हैं। कड़ी सुरक्षा में शुक्रवार को मतगणना कराई जाएगी।
सलोन प्रतिनिधि के अनुसार, मटका में बीडीसी पद के लिए गुरुवार को 61.60 प्रतिशत मतदान हुआ। एसडीएम राजेंद्र शुक्ला ने मतदान केंद्र पर नजर रखी। सीओ अमित सिंह, प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी पुलिस बल के साथ मतदान केंद्र पर मुस्तैद रहे।