रायबरेली। गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के देदौर गांव में दबंगों ने एक किसान के पेट में हंसिया मार दिया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी, तीन बेटियों और दामाद पर भी लाठी-डंडे से हमला बोल दिया। इससे किसान समेत छह लोग घायल हो गए।
महिलाओं के सोने-चांदी के जेवरात भी छीन लिए। शनिवार को पीड़ित परिवार पुलिस कार्यालय का घेराव करते हुए हंगामा किया और दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने प्रकरण की जांच कराकर कार्रवाई कराने का भरोसा दिया है।
देदौर गांव निवासी उपदेश कुमार किसानी करता है। एक नवंबर को गांव के ही कुछ दबंगों ने उसकी खेत की मेड़ काट दी। साथ ही ट्रैक्टर से धान की फसल को भी नष्ट कर दिया। विरोध करने पर दबंगों ने हंसिया मारकर पहले उपदेश को जख्मी कर दिया।
बीचबचाव करने उसकी पत्नी सत्यवती, बेटियां रिंकी, पिंकी, सिंकी और दामाद पर भी लाठी-डंडे से हमला बोलकर घायल कर दिया। किसान के मुताबिक आरोपियों ने बेटियों की सोने की झुमकी, सोने के कान के झुमके और बाला भी छीन लिया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दबंग फर्जी मामले में फंसाने की धमकी भी दे रहे हैं। थाने में शिकायत की, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। इससे हम लोगों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। उधर, सीओ लालगंज महिपाल पाठक का कहना है कि पीड़ित पक्ष की जांच कराकर मामले में कार्रवाई कराई जाएगी।