ऊंचाहार (रायबरेली)। सीएचसी में प्रसव कराने आई महिला के परिजनों व महिला चिकित्सक के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि गर्भवती के साथ आई एक महिला ने डॉक्टर को थप्पड़ जड़ दिया।
परिजनों ने महिला डॉक्टर पर मरीज व तीमारदारों के साथ अभद्रता व मारपीट का आरोप लगाया है। सूचना पर सीएचसी पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सोमवार रात कोतवाली क्षेत्र के पट्टी रहस कैथवल गांव निवासी अनिल कुमार की पत्नी रानी देवी को प्रसव पीड़ा हुई तो उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया।
ड्यूटी पर तैनात डॉ. सुनीता मंगलवार दोपहर उसका इलाज कर रहीं थीं। इस दौरान किसी बात को लेकर गर्भवती के साथ आए लोगों व डॉक्टर के बीच कहासुनी हो गई।
आरोप है कि गर्भवती के साथ आई महिला ने डॉक्टर को थप्पड़ जड़ दिया। इससे माहौल गरम हो गया। स्टाफ के लोग मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराने की कोशिश की।
सूचना पर पुलिस पहुंची तो परिजन शांत हुए। महिला की ननद सुरेखा ने बताया कि भर्ती होने के बाद से कोई दवा नहीं दी। इंजेक्शन बाहर से खरीदकर लाना पड़ा। महिला डाक्टर ने बेहोशी की हालत में पड़ी गर्भवती के साथ बेरहमी से खींचतान की। इसका विरोध किया तो डॉक्टर ने मारपीट की।
सीएचसी की महिला चिकित्सक डॉ. सुनीता ने बताया कि घरवाले मरीज को खाने के लिए कुछ नहीं दे रहे थे। मरीज का बीपी लो हो रहा था। उसे स्ट्रेचर पर बैठाने व जांच करते समय परिजनों ने अड़चन पैदा की।
तीमारदार एक महिला ने उनके साथ धक्कामुक्की की। कोतवाल शिवशंकर सिंह ने बताया कि विवाद की सूचना पर सिपाहियों को मौके पर भेजा गया था। किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।
अस्पताल में गर्भवती के साथ ही आए लोगों ने महिला चिकित्सक से अभद्र व्यवहार किया। मामले में चिकित्सक का शिकायतीपत्र मिलते ही ऊंचाहार कोतवाली में संबंधितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएंगे। अस्पताल में इस तरह की अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डॉ. मनोज शुक्ला, अधीक्षक सीएचसी, ऊंचाहार