ऊंचाहार (रायबरेली)। अकोढ़िया गांव निवासी एक युवक का प्रतापगढ़ जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में रेल ट्रैक पर मंगलवार शाम शव मिलने से हड़कंप मच गया। नवाबगंज पुलिस का दावा है कि ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई।
अर्जुन तिवारी (32) पुत्र राजेंद्र कुमार ट्रक चालक था। मंगलवार देर शाम वह प्रतापगढ़ जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के पूरे शिवबक्श मजरे छेनौरा गांव अपनी ससुराल जाने के लिए घर से निकला था। बुधवार सुबह छेनौरा गांव के पास ग्रामीणों ने रेल ट्रैक पर उसका शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कराई। सूचना उसके परिजनों को दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्राम प्रधान शिवमूरत तिवारी ने बताया कि नशे की हालत वह ट्रेन की चपेट में आ गया है, जिससे उसकी मौत हो गई है। उधर, नवाबगंज थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है।