सूचना पर स्थानीय लोगों के हाईवे पर एकत्र होने से कुछ देर के लिए ट्रैफिक जाम हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को गिरफ्तार करन के साथ ट्रक कब्जे में ले लिया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। युवक की मौत पर परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
भदोखर क्षेत्र में हलकी दलकी मजरा बेलाभेला निवासी अमृतलाल (40) रक्षाबंधन पर शनिवार को अपनी बहन के घर झकरासी गया था। झकरासी निवासी बहनोई संजय (40) और दूसरे बहनोई हरीशचंद्र (39) निवासी कोलवा इब्राहिम सदर कोतवाली के साथ बाइक से अमृतलाल जमालपुर गया।
जमालपुर से लौटते समय लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर इलाहाबाद की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को रौंद दिया। इस हादसे में अमृतलाल की मौत हो गई। उसके दोनों बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे की जानकारी होते ही आसपास के लोगों का हाईवे पर मजमा लग लगा। इससे जाम की स्थिति बन गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को हाईवे से हटाकर यातायात बहाल कराया। भदोखर थानाध्यक्ष के मुताबिक ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है।