रायबरेली में गुरुवार को रेल ट्रैक पर मिले महिला के शव के मामले में जांच करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव-ऊंचाहार रेल खंड पर कानपुर की ओर आलमपुर गांव के पास गुरुवार को एक 30 वर्षीय महिला का क्षत-विक्षत शव रेल ट्रैक के बीच पड़ा मिला। दोनों हाथ व दोनों पैर जंगली जानवर उठा ले गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी।
लालगंज से कानपुर की ओर स्थित किलोमीटर संख्या 118/4 व 118/3 के बीच एक 30 वर्षीय महिला का शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला। महिला का शरीर ट्रेन से कटने के कारण चार हिस्सों में बंट गया था।
सुबह रेल लाइन चेक करने निकले चाभी मैन अरविंद कुमार ने ट्रैक पर शव पड़ा देखा तो उसने इसकी सूचना रेलवे स्टेशन पर दी। महिला के शरीर से निकला खून सूखा होने कारण लोगों का अनुमान है कि महिला की मौत रात में किसी ट्रेन से कटने से हुई है।
महिला के दोनों हाथ व दोनों पैर जंगली जानवर उठा ले गए थे। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने के कई प्रयास किए, लेकिन उसे सफलता नहीं मिल सकी। प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।