सलोन कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर शाम बेकाबू एसयूवी ने मोपेड सवार दो चचेरे भाइयों को रौंद दिया, जिसमें दोनों की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब दोनों मोपेड पर सवार होकर किसी काम से सलोन बाजार जा रहे थे।
इससे पहले कि आसपास के लोग कुछ समझ पाते, चालक गाड़ी लेकर भाग गया। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर घटना की जांच की और शवों को कब्जे में लिया। घटना की जानकारी से परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
सलोन कोतवाली क्षेत्र के पूरे रानी किठावां निवासी बद्री वर्मा (55) पुत्र मैकू लाल और मोती वर्मा (50) पुत्र गया दीन वर्मा दोनों चचेरे भाई अपने घर से विक्की मोपेड पर सवार होकर सलोन बाजार किसी काम से आ रहे थे।
जैसे ही दोनों युवक गणेशगंज बाजार स्थित रायबरेली-प्रतापगढ़ पर पहुंचे थे, तभी सलोन से प्रतापगढ़ की तरफ जा रही अनियंत्रित बोलेरो ने मोपेड में जोरदार टक्कर मार दी। फलस्वरूप दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को आनन फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर परिवारीजन मौके पर पहुंचे। दो युवकों की मौत से परिवारीजनों में रोना पिटना मच गया। उधर, कोतवाल रामाशीष उपाध्याय ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।