ऊंचाहार ब्लॉक क्षेत्र के बेहरामऊ की बीडीसी सीट से शनिवार को नामांकन करने पहुंचे दावेदार को ब्लॉक के गेट पर ही पीटकर अगवा करने का प्रयास किया गया।
देखते ही देेखते भीड़ एकत्र हो गई और लखनऊ-इलाहाबाद हाईवे पर जाम लग गया। विरोध बढ़ने के बाद एएसपी व सीओ ने मौके पर पहुंचकर प्रत्याशी का नामांकन पत्र जमा कराया। मामले में प्रत्याशी ने सत्तापक्ष से जुड़े कुछ लोगों के खिलाफ ऊंचाहार कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने बीडीसी प्रत्याशी व एक अन्य का शांतिभंग में चालान किया है।
शनिवार को अशोक कुमार, राजू पासी और दीपक बीडीसी पद के लिए नामांकन करने के लिए ऊंचाहार ब्लॉक पहुंचे। आरोप है कि गेट पर ही सत्तापक्ष से जुड़े कुछ नेताओं ने उसे रोक लिया और नामांकन न करने का दबाव बनाया। अशोक व राजू ने विरोध किया तो उनकी पिटाई कर दी गई।
आरोप है कि प्रत्याशी को अगवा करने का प्रयास किया गया। इससे लोगों का गुस्सा भड़क गया। लोग लखनऊ-इलाहाबाद हाईवे पर आ गए। जाम लगने पर एएसपी व सीओ डलमऊ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने प्रत्याशी का नामांकन पत्र बेहरामऊ की बीडीसी सीट से जमा कराया।
पुलिस ने प्रत्याशी राजू और धर्मराज को पकड़कर शांतिभंग में चालान कर दिया है। एसओ ऊंचाहार जीडी शुक्ल ने बताया कि मामले में शांतिभंग की कार्रवाई कर दी गई है। प्रत्याशी का नामांकन पत्र जमा करा दिया गया है।