एफएसडीए और मंडी परिषद की संयुक्त टीम ने बुधवार को रिटायर्ड एबीएसए के सरकारी आवास पर छापा मारा। छापे में करीब 10 लाख रुपये का देशी घी व रिफाइंड बरामद किया।
गैस सिलेंडर, चूल्हा, तराजू व अन्य सामान भी बरामद किया। आशंका है कि बिना लाइसेंस सरकारी आवास में मिलावटखोरी का कारोबार चल रहा था। दो नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। साथ ही गोदाम को सीज कर दिया गया है। इससे हड़कंप मच गया है।
बुधवार को सीएफएसओ जेपी त्रिपाठी, सिद्धार्थ कुमार, राजेंद्र कुमार, कृष्णाकांत, मंडी परिषद के सचिव डीएन त्रिपाठी, मंडी सहायक सुरेश शुक्ला आदि की टीम ने जीआईसी के सामने स्थित सरकारी आवास में छापा मारा।
सुल्तानपुर जिले में वर्ष 2010 में सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी के पद से रिटायर्ड विद्या प्रकाश गुप्ता लगातार इसी सरकारी आवास में रह रहे हैं। टीम ने अंदर जाकर देखा तो दो कमरों में भारी मात्रा में देशी घी व रिफाइंड मिला।
पकड़ा गया माल करीब 10 लाख रुपये कीमत का बताया जा रहा है। इसमें करीब 15 क्विंटल देशी घी बरामद हुआ। मौके पर देखने से ऐसा लग रहा था कि मिलावटखोरी करके देशी घी की आपूर्ति की जाती थी।
लाइसेंस भी कारोबारी नहीं दिखा सका। घी व रिफाइंड का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया है। गोदाम को सीज कर दिया गया है।