डीह थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक वृद्धा की संदिग्ध हालात में जलकर मौत हो गई। परिवारीजनों के मुताबिक वह मानसिक रूप से कमजोर थी। पुलिस घटना की पड़ताल कर रही है।
पूरे अवध गंज मजरे लोधवारी गांव निवासी रामकुमारी (60) पत्नी श्रीराम घर पर अकेली थी।
परिवारीजन घर के बाहर बैठे थे। अचानक रामकुमारी चीखने चिल्लानेे लगी। परिवारीजन शोर सुनकर अंदर भागे तो देखा वह आग की लपटों में घिरी हुई थी। परिवार के लोगों ने तत्काल आग बुझाई, तब तक गंभीर रूप से झुलस चुकी थी।
सभी उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे। इसी बीच उसने दम तोड़ दिया। मृतक के बेटे सुशील कुमार ने बताया कि मां मानसिक रूप से कमजोर थी। एसओ पवन त्रिवेदी ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।