लखनऊ के राजाजीपुरम में बनी मेरी नेहा गोल्ड नमकीन का नमूना फेल हो गया है। मेरठ प्रयोगशाला से नमूने की जांच रिपोर्ट आने के बाद निर्माता व विक्रेता को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। नमकीन के नमूने में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिनियम का उल्लंघन मिला है।
नमकीन के पैकिंग पर एक्सपाइरी डेट व बैच नंबर का जिक्र नहीं मिला है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार ने महराजगंज क्षेत्र के रामपुर ओसाह निवासी राजन की दुकान से मेरी नेहा गोल्ड नमकीन का नमूना भरा था। नमूने को जांच के लिए एमएससीएम फिल खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला मेरठ भेजा था।
मेरठ से नमकीन के नमूने की जांच रिपोर्ट आ गई है। इसमें अधिनियम का उल्लंघन मिलने पर नमकीन को मिस्ब्रांड कर दिया गया है। एफएसडीए विभाग ने निर्माता गुप्ता ग्रह उद्योग राजाजीपुरम लखनऊ और विक्रेता राजन को नोटिस देकर जवाब मांगा है। साथ ही एडीएम प्रशासन के न्यायालय में मुकदमा करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
एफएसडीए के अभिहित अधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि लखनऊ के राजाजीपुरम में निर्मित मेरी नेहा गोल्ड नमकीन का नमूना जांच में फेल आया है। नमकीन मानकों पर खरी नहीं उतरी है। निर्माता व विक्रेता को नोटिस देकर जवाब मांगा है। एडीएम प्रशासन के न्यायालय में मुकदमा करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।