अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन व बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इसके चलते अदालती कामकाज प्रभावित हुआ।
वादकारियों को मायूस होकर सिर्फ तारीख लेकर लौटना पड़ा। सेंट्रल बार एसोसिएशन कार्यकारिणी की शुक्रवार सुबह लाइब्रेरी भवन में एक बैठक हुई।
अध्यक्ष रमेश कुमार चतुर्वेदी की अगुवाई में हुई बैठक में जूनियर बार एसोसिएशन प्रतापगढ़ के कोषाध्यक्ष अधिवक्ता इंद्रमणि शुक्ला की अज्ञात बदमाशों द्वारा नृशंस हत्या पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए घटना पर नाराजगी जताई गई।
पदाधिकारियों ने घटना के विरोध में न्यायिक कार्य से विरत रहने का फैसला लिया।
बार महामंत्री रामसजीवन चौधरी ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था खराब हो रही है। सरकार को इसके लिए प्रभावशाली कदम उठाने चाहिए।
इसके बाद दीवानी परिसर में पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस मौके पर अनंत कुमार मिश्र, मधुरेंद्र वैश्य, अनिरुद्ध प्रताप, राकेश, सुरेंद्र, विजय, एके शुक्ला आदि मौजूद रहे।