अस्पताल में प्रत्याशी के साथ कांग्रेस नेता का भाई भी मौजूद मिला। प्रत्याशी को पुलिस रायबरेली ला रही एसपी श्रीकांत सिंह का कहना है कि अपहरण के आरोपी बनाए प्रशांत सिंह के पिता रामकरन सिंह ने बयान दर्ज कराया है।
इसमें कांग्रेस नेता के भाई पर अपहरण का फर्जी आरोप लगाया गया है। विवेचना के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हरचंदपुर तृतीय से डीडीसी प्रत्याशी राम प्रकाश पासी गत 25 अक्तूबर को ऊंचाहार क्षेत्र से रहस्यमय हालात में गायब हो गया था।
इस मामले में महराजगंज क्षेत्र के नेवाजगंज निवासी प्रशांत सिंह व अन्य लोगों पर अपहरण का केस दर्ज कराया गया। पड़ताल कर रही पुलिस को प्रत्याशी के दिल्ली में होने की सूचना मिली।
आखिरी चरण का मतदान खत्म होने के बाद शुक्रवार को ऊंचाहार एसओ जीडी शुक्ला टीम के साथ दिल्ली पहुंचे। गंगाराम अस्पताल में राम प्रकाश मिल गया। उसके साथ जिले के एक कांग्रेस नेता का भाई भी मौजूद मिला।
एसओ जीडी शुक्ला ने बताया कि प्रत्याशी को दिल्ली के अस्पताल में कांग्रेस नेता के भाई ने भर्ती कराकर ऊंचाहार थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था।
प्रत्याशी राम प्रकाश को दिल्ली से लाया जा रहा है। एक कांग्रेस नेता के भाई ने दिल्ली लाकर प्रत्याशी को भर्ती कराया था। इसकी पूरी जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।
उधर अपहरण के आरोपी प्रशांत सिंह के पिता नेवाजगंज निवासी रामकरन ने शुक्रवार को एसपी को पत्र देकर कहा है कि रामप्रकाश के साथ दिल्ली के अस्पताल में कांग्रेस नेता के भाई मौजूद थे।
कांग्रेस नेता की साजिश से ही अपहरण का फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया है। उन्होंने दोषियों पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।